ताज़ा खबरेंमौसमहिमाचल

हिमाचल में दिवाली के बाद मौसम लेगा करवट! 10-11 नवंबर को बारिश-बर्फबारी के आसार, जानें कहां पड़ेगी बर्फ

हिमाचल में दिवाली के बाद बदलेगा मौसम, 10 और 11 नवंबर को बारिश-बर्फबारी के आसार

हिमाचल प्रदेश में दिवाली के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। प्रदेश में फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ और शुष्क रहने का पूर्वानुमान है, लेकिन 10 और 11 नवंबर को कई क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव से प्रदेश में ठंड का असर बढ़ सकता है।

9 नवंबर तक साफ रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में 9 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान किसी भी जिले के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, 10 नवंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

किन क्षेत्रों में होगी बारिश और बर्फबारी?

मौसम विभाग के अनुसार, 10 और 11 नवंबर को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने के आसार हैं।

उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू और मंडी के ऊपरी इलाके शामिल हैं। वहीं, शिमला, सोलन और सिरमौर सहित मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। मैदानी और निचले पर्वतीय इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है।

कुकुमसेरी में माइनस 1.8 डिग्री पहुंचा पारा

प्रदेश में इन दिनों तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, ऊना में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शिमला में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री, मनाली में 5.8 डिग्री, कल्पा में 3.5 डिग्री और केलांग में 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बारिश-बर्फबारी के बाद बढ़ेगी ठंड

मौसम में संभावित बदलाव के बाद प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है। खासकर जनजातीय क्षेत्रों और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को ठंड से बचाव की तैयारी रखनी होगी। वहीं, इन दिनों पहाड़ों का रुख करने वाले पर्यटकों को भी मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जाती है।

फिलहाल प्रदेशवासियों को 10 और 11 नवंबर के मौसम पर नजर रखनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with