
पुलिस कांस्टेबल भर्ती आयु सीमा में एक साल की छूट मिलेगी
स्कूलों में 3,950 चौकीदारी और मल्टी टास्क वर्कर भर्ती होंगे
280 टेक्निकल असिस्टेंट और 200 जेओए लाइब्रेरी भर्ती होंगे
नूरपुर पुलिस जिला और पुलिस लाइनों के लिए 102 नये पद मिले
राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की मैराथन बैठक में नये रोजगार से संबंधित बड़े फैसले लिये गये हैं। मंत्रिमंडल ने प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में मल्टी-टास्क वर्कर के 400 पद भरने का भी निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने राज्य के 1,975 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में एक-एक चौकीदार तथा एक-एक मल्टी-टास्क वर्कर सहित 3,950 कर्मियों की नियुक्ति करने का भी निर्णय लिया। पुलिस विभाग में कांस्टेबल के 800 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की एकमुश्त छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया। बैठक में शिक्षा विभाग में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट लाइब्रेरी के 200 पद मंजूर किए गए है। एसिस्टेेंट स्टाफ नर्स के 800 पद भरे जाएंगे। मंत्रिमंडल ने संबंधित जिला परिषदों के अधीन ग्राम पंचायतों के लिए 280 जॉब ट्रेनी टेक्निकल असिस्टेंट नियुक्त करने का निर्णय लिया। नवगठित पुलिस जिला नूरपुर के तहत पुलिस लाइनों के लिए विभिन्न श्रेणियों के 102 पदों के सृजन को मंजूरी प्रदान की गई है। मंत्रिमंडल ने जिला हमीरपुर के नादौन के खरीड़ी स्थित राज्य स्तरीय खेल उत्कृष्टता केंद्र के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 48 पद सृजित करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में लघु बचत विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 10 पदों को भरने का निर्णय लिया गया।




