
मुलाकात के दौरान आगामी सेब सीज़न को ध्यान में रखते हुए बागवानों के हितों और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सभा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में सेब सीज़न के दौरान सुचारू एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, बागवानों के साथ होने वाली धोखाधड़ी पर रोक लगाने, आढ़तियों का अनिवार्य पंजीकरण एवं सत्यापन करने तथा विभिन्न स्थानों पर बागवानों के साथ होने वाली लूटपाट जैसी घटनाओं पर कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई की मांग रखी गई। माननीय उपायुक्त श्री मनमोहन शर्मा जी ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन इन सभी मुद्दों पर संवेदनशीलता से कार्य करेगा और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि आगामी सेब सीज़न के दौरान बागवानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री टी. साई दत्तात्रेयवर्मा, IPS ने भी भरोसा दिलाया कि सेब सीज़न के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या अपराध गतिविधि पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। चौपाल कल्याण सभा, सोलन जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करती है और आशा करती है कि आगामी सेब सीज़न सुव्यवस्थित, सुरक्षित और पारदर्शी रहेगा जिससे प्रदेश के बागवानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके। सादर




