हिमाचल: शिमला के बालूगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, चाशनी में मिले कॉकरोच; 2 क्विंटल मिठाई नष्ट, 7 सैंपल लिए

शिमला। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग ने शिमला के बालूगंज बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक मिठाई प्रतिष्ठान में गुलाब जामुन और रसगुल्लों की चाशनी में कॉकरोच पाए गए। खाद्य सुरक्षा के लिहाज से मिठाइयां अनुपयुक्त पाए जाने पर विभाग ने करीब 2 क्विंटल मिठाई मौके पर ही नष्ट करवा दी।
चाशनी में मिले कॉकरोच
25 अगस्त को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बालूगंज बाजार में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और सैंपलिंग की। एक मिठाई प्रतिष्ठान की जांच के दौरान गुलाब जामुन और रसगुल्लों की चाशनी में कॉकरोच पाए गए। इसके बाद संबंधित मिठाइयों को खाद्य सुरक्षा के लिए अनुपयुक्त मानते हुए विभागीय टीम की मौजूदगी में करीब 2 क्विंटल मिठाई नष्ट करवाई गई।
7 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए
विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए कुल 7 सैंपल भी लिए हैं। इनमें कलर्ड रसगुल्ला, बर्फी, मिल्क केक, घी और अन्य मिठाइयों के नमूने शामिल हैं। सभी सैंपलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिठाइयों में रंग को लेकर भी चेतावनी
सहायक आयुक्त डॉ. विजया ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मिठाई विक्रेताओं को खाद्य रंगों के इस्तेमाल को लेकर भी सतर्क किया। मिठाइयों में केवल अनुमत खाद्य रंगों का निर्धारित सीमा के भीतर ही इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहारी सीजन में जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग की ओर से निरीक्षण और सैंपलिंग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।




