ताज़ा खबरेंराजनीतिहिमाचल

शिमला में टैक्सी ऑपरेटरों का आंदोलन खत्म, धरनास्थल पर पहुंचे जयराम ठाकुर ने आखिर ऐसा क्या कहा कि मान गए प्रदर्शनकारी?

Oplus_131072




शिमला। शिमला के चौड़ा मैदान में परमिट अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे टैक्सी ऑपरेटरों ने शुक्रवार को अपना धरना समाप्त कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर धरनास्थल पर पहुंचे और टैक्सी ऑपरेटरों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना। इसके बाद उन्होंने जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त करवाया।


टैक्सी ऑपरेटर लंबे समय से परमिट अवधि बढ़ाने और फिटनेस के आधार पर वाहनों को संचालन की अनुमति देने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। इसी मांग को लेकर चौड़ा मैदान में धरना और अनशन शुरू किया गया था।


जयराम ठाकुर ने की आंदोलन खत्म करने की अपील
धरनास्थल पर पहुंचकर जयराम ठाकुर ने टैक्सी ऑपरेटरों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से आंदोलन समाप्त करने की अपील की।
नेता प्रतिपक्ष की अपील के बाद टैक्सी ऑपरेटरों ने धरना खत्म करने पर सहमति जताई। इसके बाद जयराम ठाकुर ने जूस पिलाकर अनशन/धरना समाप्त करवाया।


विधानसभा में उठा चुके हैं मामला
आंदोलन समाप्त करवाने के बाद जयराम ठाकुर ने कहा कि टैक्सी ऑपरेटरों की परमिट से जुड़ी मांग को उन्होंने विधानसभा में सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने कहा कि अब इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष भी रखा जाएगा, ताकि ऑपरेटरों को राहत मिल सके।


जयराम ठाकुर ने कहा कि टैक्सी ऑपरेटरों का मुद्दा केवल उनके कारोबार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे हजारों परिवारों की रोजी-रोटी जुड़ी हुई है। इसलिए सरकार को उनकी व्यावहारिक परेशानियों को समझते हुए सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।


क्या मांग कर रहे थे टैक्सी ऑपरेटर?
टैक्सी ऑपरेटरों की प्रमुख मांग है कि परमिट की अवधि 12 साल से बढ़ाकर 15 साल की जाए। इसके अलावा परमिट अवधि पूरी होने के बाद भी फिटनेस मानकों पर खरे उतरने वाले वाहनों को संचालन की अनुमति देने की मांग की जा रही है।


ऑपरेटरों का कहना है कि वाहन यदि फिटनेस मानकों पर सही है तो केवल उसकी उम्र के आधार पर उसे सड़क से हटाना उचित नहीं है। उन्होंने प्रदेश में बस, ट्रक, ऑटो, मालवाहक और अन्य व्यावसायिक वाहनों के परमिट से जुड़ी व्यवस्था में भी बदलाव की मांग उठाई है।


दूसरे राज्यों की व्यवस्था का दिया हवाला
टैक्सी ऑपरेटरों के मुताबिक दूसरे राज्यों में व्यावसायिक वाहनों को अधिक अवधि तक संचालन की अनुमति दी जाती है। उनका कहना है कि हिमाचल में भी इसी तरह व्यावहारिक व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी मांग की कि परमिट अवधि पूरी होने से प्रभावित होने वाले हजारों टैक्सी ऑपरेटरों और चालकों की रोजी-रोटी को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया जाए।


फिलहाल जयराम ठाकुर की अपील के बाद चौड़ा मैदान में चल रहा टैक्सी ऑपरेटरों का आंदोलन समाप्त हो गया है। अब ऑपरेटरों की नजर सरकार और केंद्र के स्तर पर होने वाली अगली कार्रवाई पर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with