15 दिन बाद खुला आसमान! धर्मशाला-चंडीगढ़ फ्लाइट सेवा फिर शुरू, जानिए किस दिन और कितने किराये में कर सकेंगे सफर


धर्मशाला। करीब 15 दिन के इंतजार के बाद धर्मशाला और चंडीगढ़ के बीच हवाई सेवा फिर से शुरू होने जा रही है। विमानन कंपनी इंडिगो ने इस रूट पर उड़ानों का नया शेड्यूल जारी कर दिया है। बरसात के मौसम में बंद रही यह सेवा अब 1 सितंबर से दोबारा बहाल होगी, जिससे यात्रियों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इंडिगो की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, धर्मशाला (गगल एयरपोर्ट) और चंडीगढ़ के बीच उड़ानें सप्ताह में चार दिन—सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को संचालित की जाएंगी।
क्या रहेगा फ्लाइट का समय?
धर्मशाला के गगल एयरपोर्ट से विमान दोपहर 1:10 बजे चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेगा। वहीं, चंडीगढ़ से वापसी की उड़ान दोपहर 2:45 बजे संचालित होगी।
यात्रियों को इस सेवा के लिए करीब 3,500 रुपये से 4,000 रुपये तक किराया देना होगा।
15 दिन तक बंद रही थी सेवा
पिछले लगभग 15 दिनों से धर्मशाला-चंडीगढ़ हवाई सेवा बंद होने के कारण यात्रियों को सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा था। सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हुई, जिन्हें चंडीगढ़ से आगे दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और अन्य शहरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी होती थी।
सड़क मार्ग से चंडीगढ़ पहुंचने में अधिक समय लगने के कारण यात्रियों को अतिरिक्त खर्च और परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पर्यटन कारोबार को भी मिलेगा फायदा
धर्मशाला और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों के लिए चंडीगढ़ से सीधी हवाई कनेक्टिविटी काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। इंडिगो की सेवा दोबारा शुरू होने से होटल, टैक्सी और पर्यटन से जुड़े कारोबार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
लंबे समय से इस रूट की उड़ान बहाल होने का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए यह खबर किसी राहत से कम नहीं है। अब कम समय में धर्मशाला और चंडीगढ़ के बीच सफर करना फिर से आसान हो जाएगा।



