मालरोड पर इस पुराने भवन का होने जा रहा बड़ा कायाकल्प! 2.85 करोड़ खर्च होंगे, अंदर दिखेगा नया अंदाज

शिमला। राजधानी शिमला के मालरोड स्थित हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के पुराने सहकार सदन भवन का अब पूरी तरह कायाकल्प होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को इस परियोजना की वर्चुअल आधारशिला रखी।
करीब 2.85 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले व्यापक जीर्णोद्धार का काम 15 जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकार सदन की प्रत्येक मंजिल को मौजूदा जरूरतों के अनुसार नए सिरे से डिजाइन और व्यवस्थित किया जाएगा। इससे पुराने भवन को नया स्वरूप मिलने के साथ यहां काम करने वाले कर्मचारियों और आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
🏢 आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा भवन
मालरोड से लोअर बाजार रोड तक फैले इस बहुमंजिला भवन में कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
परियोजना के तहत मेजेनाइन फ्लोर पर आधुनिक वर्कस्टेशन और केबिन पार्टिशन बनाए जाएंगे। वहीं ग्राउंड फ्लोर पर नया रिसेप्शन वर्कस्टेशन और बेहतर स्क्रीनिंग एरिया तैयार किया जाएगा।
बेसमेंट-1 में कॉन्फ्रेंस हॉल और वर्कस्टेशन बनाए जाएंगे, जबकि बेसमेंट-2 में बच्चों के लिए क्रेच की सुविधा विकसित की जाएगी। बेसमेंट-3 को आधुनिक आधारभूत ढांचे और व्यवस्थित स्टोरेज एरिया के रूप में तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक प्रदेश के प्रमुख सहकारी बैंकों में शामिल है और राज्यभर में आधुनिक व भरोसेमंद बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है।
बैंक की पुरानी शाखाओं और भवनों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। सहकार सदन का यह जीर्णोद्धार भी इसी पहल का हिस्सा है।




