हिमाचल में अब मौके पर होगी खाने-पीने की चीजों की जांच, मोबाइल लैब ने लिए 1,579 सैंपल; तेल से पानी तक ऐसे पकड़ी जाएगी मिलावट


हिमाचल प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट पर निगरानी को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की पांच मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी (एमएफटीएल) वैन सक्रिय हैं। शिमला, सोलन, कुल्लू, सिरमौर और बिलासपुर में संचालित इन मोबाइल लैब के माध्यम से अब तक 1,579 खाद्य नमूने लिए जा चुके हैं।
मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के जरिए खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच मौके पर ही की जा रही है। इससे न केवल खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल रही है, बल्कि लोगों और खाद्य कारोबारियों को मिलावट और खाद्य गुणवत्ता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग के संयुक्त आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) एवं निदेशक जितेंद्र सांजटा ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आम जनता, खाद्य कारोबार संचालकों और अन्य हितधारकों को मोबाइल लैब के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच करवाने की सुविधा दी जा रही है।
तेल से पानी तक कई चीजों की जांच
मोबाइल लैब में खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई मानकों की प्राथमिक जांच की जाती है। खाद्य तेल की गुणवत्ता जांचने के लिए टीपीसी मीटर और एसिड वैल्यू की जांच की जाती है। वहीं रिफ्रैक्टोमीटर के माध्यम से टीएसएस (टोटल सॉल्यूबल सॉलिड्स) और शुगर की जांच की जाती है।
इसके अलावा खाद्य पदार्थों में आयोडीन और स्टार्च की मौजूदगी तथा पानी की पीएच आधारित जांच भी की जाती है। इन जांचों के जरिए संभावित मिलावट की पहचान करने के साथ लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सिरमौर और सोलन में सबसे ज्यादा सैंपल
विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक बिलासपुर से 486, कुल्लू से 62, सिरमौर से 511 और सोलन से 520 खाद्य नमूने लिए गए हैं। इन आंकड़ों के मुताबिक सोलन और सिरमौर में मोबाइल लैब के माध्यम से सबसे अधिक सैंपलिंग की गई है।
विभाग का कहना है कि मोबाइल लैब के कारण फील्ड स्तर पर सैंपलिंग में तेजी आई है और व्यापक स्तर पर खाद्य पदार्थों की जांच से खाद्य सुरक्षा निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिल रही है।
विभाग ने लोगों से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। खाद्य सुरक्षा से जुड़ी जानकारी या शिकायत के लिए एफएसएसएआई हेल्पलाइन नंबर 76499-00015 पर संपर्क किया जा सकता है।




