ताज़ा खबरेंहिमाचल

हिमाचल में मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खबर! 320 PG सीटें बढ़ाने की तैयारी, जानिए किन मेडिकल कॉलेजों को मिलेगा सबसे बड़ा फायदा

हिमाचल प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर यानी PG की सीटों को बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में 320 अतिरिक्त PG सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) को भेजा है। अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो राज्य में PG की कुल सीटों की संख्या 277 से बढ़कर 597 हो जाएगी।

सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग सरकारी मेडिकल कॉलेजों में PG सीटों का विस्तार किया जाना है। इसके लिए मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, आधारभूत ढांचे, शिक्षण व्यवस्था और अन्य जरूरी संसाधनों को मजबूत करने पर भी काम किया जा रहा है।

प्रस्ताव के अनुसार आईजीएमसी शिमला में PG सीटें 139 से बढ़ाकर 230 करने की योजना है। वहीं डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में सीटों की संख्या 99 से बढ़ाकर 156 की जाएगी।

इसी तरह लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक मंडी में PG सीटें 24 से बढ़ाकर 79, पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में 4 से बढ़ाकर 32 और डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में 8 से बढ़ाकर 65 करने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा नाहन मेडिकल कॉलेज में भी PG सीटों के विस्तार को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की टीम हाल ही में नाहन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर चुकी है। निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग को सकारात्मक संकेत मिलने की बात सामने आई है। प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी NMC की ओर से निरीक्षण की प्रक्रिया प्रस्तावित है।

सरकार का मानना है कि PG सीटों में बढ़ोतरी होने से हिमाचल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी। इससे सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है और मरीजों को अपने ही प्रदेश में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

PG सीटों के विस्तार के साथ मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक उपकरण, प्रयोगशालाएं, शिक्षण सुविधाएं और अन्य जरूरी आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। साथ ही अध्यापन स्टाफ को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार के अनुसार हिमाचल में PG सीटों की संख्या बढ़ाकर 597 करने का प्रस्ताव NMC को भेजा गया है। नाहन मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण हो चुका है, जबकि अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी निरीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में लोगों को एम्स और पीजीआई की तर्ज पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

ऐसे में NMC की मंजूरी मिलने के बाद हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों में PG करने के इच्छुक छात्रों के लिए अवसरों में बड़ा इजाफा हो सकता है। साथ ही आने वाले समय में प्रदेश के सरकारी अस्पतालों को भी अधिक विशेषज्ञ डॉक्टर मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with