ताज़ा खबरेंहिमाचल

हिमाचल: HRTC अधिकारी पर गिरी जांच की गाज, आखिर किन मामलों ने बढ़ाई मुश्किलें?

हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने चंबा यूनिट में तैनात सेक्शन ऑफिसर (एसएएस) हितेंद्र सिंह पठानिया के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। उनके खिलाफ निगम के धन और स्टोर से जुड़े मामलों को कथित तौर पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नहीं संभालने तथा अस्थायी अग्रिम राशि के निपटारे में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं।

मामले की प्रारंभिक जांच एचआरटीसी हमीरपुर के मंडलीय प्रबंधक की ओर से की गई थी। 24 सितंबर 2026 को सौंपी गई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में अधिकारी के आचरण को पद की जिम्मेदारियों के अनुरूप नहीं पाए जाने की बात कही गई है। रिपोर्ट में वित्तीय और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पालन नहीं करने का भी उल्लेख किया गया है।

प्रारंभिक जांच के आधार पर प्रथम दृष्टया सीसीएस (कंडक्ट) रूल्स, 1964 और निगम के संबंधित नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है। इसके बाद एचआरटीसी ने मामले की विस्तृत विभागीय जांच कराने का फैसला लिया है।

विभागीय जांच के लिए एचआरटीसी मंडी के मंडलीय प्रबंधक उत्तम सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि मनाली के सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-1 राज कुमार को प्रस्तुतिकरण अधिकारी बनाया गया है।

जांच पूरी होने तक हितेंद्र सिंह पठानिया को मंडी स्थित मंडलीय कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। उन्हें मंडलीय प्रबंधक के समक्ष रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। अब विभागीय जांच में यह स्पष्ट होगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with