शिमला में रवि कुमार को जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई के नाम से भेजे अभद्र संदेश


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। संजौली में रहने वाले गदर फ्रंट के संयोजक रवि कुमार को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी भरे और अभद्र संदेश भेजे गए हैं। इस मामले में रवि कुमार ने संजौली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत के अनुसार, फेसबुक मैसेंजर पर एक व्यक्ति ने उन्हें धमकी भरे संदेश भेजे। संदेशों में उन्हें वीडियो बनाना बंद करने की चेतावनी दी गई और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। आरोप है कि संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का आदमी बताया।
रवि कुमार के अनुसार, 8 नवंबर की रात जब उन्होंने अपना फेसबुक मैसेंजर चेक किया तो उन्हें संबंधित व्यक्ति की ओर से भेजे गए धमकी भरे संदेश मिले। इन संदेशों में कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया था।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि इससे पहले भी उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से धमकियां मिलती रही हैं। लगातार मिल रहे ऐसे संदेशों के बाद उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमकी भरे संदेश किसने भेजे और इसके पीछे कौन है।




