ताज़ा खबरेंमौसमहिमाचल

हिमाचल में आज से बदलेगा मौसम, 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का यलो अलर्ट; ऊना में 32.6 डिग्री पहुंचा तापमान

हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी शुष्क मौसम के बीच अब पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश और बर्फबारी के आसार बन गए हैं। मौसम विभाग ने 12 और 13 नवंबर को प्रदेश के पांच जिलों में खराब मौसम को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने की संभावना है।

5 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 12 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, 13 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इन क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि मध्य और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। मौसम में इस बदलाव से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर और बढ़ने की उम्मीद है।

ऊना में सबसे ज्यादा गर्मी, पारा 32.6 डिग्री

मौसम के बदलते मिजाज के बीच प्रदेश के मैदानी इलाकों में अभी भी गर्मी महसूस की जा रही है। ऊना में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के बाद और गिरेगा तापमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री तक कमी आने की संभावना है।

लोगों और किसानों-बागवानों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं और बिजली चमकने के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। किसानों और बागवानों को भी अपनी फसलों और बागीचों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की सलाह दी गई है।

फिलहाल प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। मैदानी इलाकों में जहां गर्मी का एहसास हो रहा है, वहीं पहाड़ों पर सर्दी बढ़ रही है। अब बारिश और बर्फबारी के बाद पूरे प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with