ताज़ा खबरेंराजनीतिहिमाचल

हिमाचल को क्राइम कैपिटल बनाने के आरोप पर बिंदल का सुक्खू सरकार पर हमला, जानिए क्या कहा

हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस के शासनकाल में हिमाचल प्रदेश धीरे-धीरे क्राइम कैपिटल बनता जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में लगातार सामने आ रही हत्या, गोलीबारी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई है।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पिछले चार से पांच दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुई आपराधिक घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने एक थार गाड़ी से कुचलकर दो लोगों की कथित हत्या और नालागढ़ में हुई खुलेआम गोलीबारी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अपराधियों में कानून और पुलिस का डर कम होता दिखाई दे रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सिरमौर जिले में सामने आई हत्या की घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने नाहन-कुमारहट्टी सड़क किनारे महिला का शव मिलने और शिलाई क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना का उल्लेख किया।

बिंदल ने आरोप लगाया कि चंबा से सिरमौर और ऊना से किन्नौर तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे हिमाचल की शांतिप्रिय पहचान प्रभावित हो रही है। उन्होंने दलित युवक की हत्या का मामला उठाते हुए भी प्रदेश सरकार पर अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों और कथित माफिया गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि सभी गंभीर आपराधिक मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करवाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

बिंदल ने कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अब देखना होगा कि कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा के इन आरोपों पर प्रदेश सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with