हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कुल्लू में नए कार्यवाहक डीसी की तैनाती; 5 IAS अफसरों की बढ़ीं जिम्मेदारियां


शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कुल्लू जिले के लिए कार्यवाहक उपायुक्त (डीसी) नियुक्त किया है। इसके साथ ही पांच वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को उनके मौजूदा दायित्वों के अलावा विभिन्न विभागों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी दोनों अधिसूचनाएं तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
सरकार ने एचपीएएस अधिकारी सुरजीत सिंह को अगले आदेशों तक उपायुक्त (डीसी) कुल्लू का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। वर्तमान में वह अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (विकास)-सह-परियोजना निदेशक, डीआरडीए कुल्लू के पद पर कार्यरत हैं। इस नियुक्ति का उद्देश्य जिले में प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखना माना जा रहा है।
इसके अलावा राज्य सरकार ने पांच आईएएस अधिकारियों को भी अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
- आदित्य नेगी (IAS), जो वर्तमान में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हैं, अब उद्योग विभाग के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
- कमल कांत सरोच (IAS), मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिमुर्जा, को पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
- शुभ करण सिंह (IAS), विशेष सचिव (शिक्षा), को ऊर्जा विभाग के निदेशक का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
- शिवम प्रताप सिंह (IAS), निदेशक युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, अब हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।
- अभिषेक वर्मा (IAS), प्रबंध निदेशक मिल्कफेड, को डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस विभाग के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
सरकार की ओर से जारी आदेशों के अनुसार सभी अधिकारी अपने वर्तमान पदों के साथ नई जिम्मेदारियां भी निभाएंगे। माना जा रहा है कि रिक्त पदों के कारण प्रभावित हो रहे विभागीय कार्यों में तेजी लाने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।




