हिमाचल में महिला पर्यटकों की सुरक्षा का डिजिटल इंतजाम, 112 एप से मिलेगी पलभर में पुलिस मदद

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पर्यटन सीजन के दौरान अकेले सफर करने वाली महिला पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने तकनीक आधारित व्यवस्था को बढ़ावा देना शुरू किया है। हिमाचल पुलिस ने सोलो महिला ट्रैवलर, छात्राओं और अन्य अकेले यात्रियों से 112 इंडिया एप का इस्तेमाल करने की अपील की है। एप के जरिए आपात स्थिति में पुलिस तक तुरंत सूचना पहुंचाई जा सकती है।
पुलिस के अनुसार एप का ‘ट्रैक मी’ फीचर यात्रा के दौरान उपयोगकर्ता की लोकेशन पर नजर रखने में मदद करता है। यात्रा शुरू करने से पहले इसमें अनुमानित समय निर्धारित किया जा सकता है। तय समय तक यात्रा पूरी नहीं होने पर सिस्टम अलर्ट जारी कर सकता है, जिसके आधार पर पुलिस लोकेशन की जानकारी लेकर सहायता के लिए पहुंच सकती है।
SOS बटन दबाते ही पुलिस तक पहुंचेगी लोकेशन
एप में मौजूद SOS पैनिक बटन आपात स्थिति में काफी अहम साबित हो सकता है। इसे सक्रिय करते ही उपयोगकर्ता की लाइव जीपीएस लोकेशन राज्य आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र और नजदीकी पुलिस नियंत्रण कक्ष तक पहुंचती है। इससे अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर खोजने या डायल करने में समय नहीं गंवाना पड़ता।
इसके अलावा एप में साइलेंट इमरजेंसी अलर्ट की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके माध्यम से बिना आवाज किए पुलिस तक आपात संदेश और लोकेशन भेजी जा सकती है। उपयोगकर्ता अपने परिवार या दोस्तों के मोबाइल नंबर भी एप में दर्ज कर सकते हैं, ताकि SOS सक्रिय होने पर उन्हें भी लोकेशन की जानकारी मिल सके।
पुलिस के साथ स्वयंसेवकों को भी मिलेगा अलर्ट
112 इंडिया एप के शाउट फीचर के जरिए आपात सूचना पुलिस के साथ-साथ आसपास मौजूद पंजीकृत स्वयंसेवकों तक भी पहुंच सकती है। ऐसे में पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले आसपास मौजूद व्यक्ति सहायता के लिए आगे आ सकता है।
एप के जरिए एंबुलेंस, अग्निशमन सेवा और अन्य आपदा प्रबंधन सेवाओं तक भी आपातकालीन सहायता हासिल की जा सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में लंबी दूरी, सुनसान सड़कें और कई जगह सीमित मोबाइल नेटवर्क जैसी परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इसे महिला यात्रियों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा सुविधा मान रही है।
डीजीपी ने की एप इस्तेमाल करने की अपील
हिमाचल पुलिस के डीजीपी अशोक तिवारी ने सोलो महिला ट्रैवलर, छात्राओं और पर्यटकों से प्रदेश की यात्रा के दौरान 112 इंडिया एप का इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एप आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ परिजनों को भी तत्काल जानकारी देने में मदद करता है।
पुलिस का सुझाव है कि अकेले यात्रा करने वाली महिलाएं सफर शुरू करने से पहले ‘ट्रैक मी’ सुविधा सक्रिय करें और अपने भरोसेमंद परिजनों के संपर्क नंबर एप में दर्ज रखें। इससे किसी अप्रत्याशित परिस्थिति में मदद पहुंचाने की प्रक्रिया और तेज हो सकती है।




