ताज़ा खबरेंराजनीतिहिमाचल

हिमाचल के ठियोग ने स्वच्छता सर्वेक्षण में मारी बाजी, देश के टॉप 20 निकायों में बनाई जगह; राष्ट्रपति से मिला सम्मान

हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की खबर सामने आई है। शिमला जिले की नगर परिषद ठियोग ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाते हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में जगह हासिल की है। इस उपलब्धि के लिए 11 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हिमाचल प्रदेश को सम्मानित किया।

प्रदेश सरकार की ओर से शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों यह पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवसर पर शहरी विकास विभाग के निदेशक नीरज कुमार भी मौजूद रहे। हिमाचल के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि पहली बार प्रदेश को इस सर्वेक्षण में शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में स्थान मिला है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए इसे प्रदेश सरकार के स्वच्छ, हरित और सतत विकास के प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, कचरा प्रबंधन को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नगर परिषद ठियोग की इस सफलता के पीछे सरकार और शहरी विकास विभाग के केंद्रित प्रयास, बेहतर समन्वय और नियमित निगरानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय शहरी विकास विभाग, नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों, सफाई कर्मियों तथा स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयासों को दिया।

उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता के बेहतर मानक स्थापित करने के लिए कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करना, सफाई व्यवस्था में सुधार और आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है।

क्या है स्वच्छता सर्वेक्षण?

स्वच्छता सर्वेक्षण की शुरुआत वर्ष 2016 में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से की गई थी। इसका उद्देश्य देशभर के शहरी स्थानीय निकायों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और सफाई, स्वच्छता तथा ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

ठियोग नगर परिषद की इस उपलब्धि ने हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। अब प्रदेश सरकार की कोशिश है कि आने वाले स्वच्छता सर्वेक्षणों में हिमाचल के अन्य नगर निकाय भी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with