ताज़ा खबरेंहिमाचल

हिमाचल में पहली बार सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक एक ही होटल में ठहरेंगे, रेडिसन ब्लू में होगी आवास व्यवस्था

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर धर्मशाला में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार सत्र के दौरान एक खास व्यवस्था देखने को मिलेगी। सदन के भीतर एक-दूसरे के खिलाफ सवाल उठाने और राजनीतिक मुद्दों पर बहस करने वाले सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक सदन के बाहर एक ही होटल में ठहरेंगे। जिला प्रशासन ने दोनों पक्षों के विधायकों के लिए धर्मशाला स्थित एचपीसीए के होटल रेडिसन ब्लू में आवास की व्यवस्था की है।

रेडिसन ब्लू में ठहरेंगे सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक

16 नवंबर से तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र के लिए इस बार अधिकांश विधायकों के ठहरने की व्यवस्था एक ही होटल में की गई है। इससे पहले अलग-अलग स्थानों पर भी विधायकों के ठहरने की व्यवस्था होती रही है, लेकिन इस बार सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के विधायकों को एक ही होटल में ठहराने का निर्णय लिया गया है।

हालांकि, अस्वस्थ चल रहे कुछ विधायकों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और उनकी पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग स्थानों पर ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों के लिए अलग इंतजाम

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू धर्मशाला स्थित सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं, मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के लिए उनके संबंधित विभागों के विश्राम गृहों में रहने की व्यवस्था की जा रही है। शिमला सचिवालय से आने वाले प्रशासनिक अधिकारियों के लिए धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न होटलों को चिन्हित किया गया है।

तपोवन विधानसभा परिसर में भी होंगे बदलाव

शीतकालीन सत्र को देखते हुए तपोवन विधानसभा परिसर में तकनीकी और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अपग्रेड किया जा रहा है। सदन के अंदर ऑडियो और वीडियो सिस्टम बदले जा रहे हैं। इसके साथ ही अग्निशमन व्यवस्था को भी आधुनिक बनाने का काम किया जा रहा है, ताकि सत्र के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या सुरक्षा संबंधी परेशानी न हो।

डॉक्टरों की दो टीमें और दो एंबुलेंस रहेंगी तैनात

सत्र के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। विधानसभा परिसर में डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। इसमें एक महिला और एक पुरुष चिकित्सक के साथ फार्मासिस्ट और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी शामिल होंगे।

इसके अलावा दो एंबुलेंस तैनात रहेंगी। इनमें एक विधानसभा परिसर और दूसरी जोरावर स्टेडियम में उपलब्ध रहेगी। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को धर्मशाला क्षेत्रीय अस्पताल या टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जाएगा।

धर्मशाला अस्पताल और टांडा मेडिकल कॉलेज में वीवीआईपी मरीजों के लिए दो-दो विशेष कमरे भी तैयार रखे जाएंगे।

16 से 21 नवंबर तक चलेगा शीतकालीन सत्र

धर्मशाला के तपोवन में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक चलेगा। छह दिवसीय सत्र में कुल छह बैठकें प्रस्तावित हैं। 15 नवंबर को मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, मंत्रियों और विधायकों के धर्मशाला पहुंचने की संभावना है।

प्रशासन ने सभी विभागों को किया अलर्ट

कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा लगातार तपोवन विधानसभा परिसर का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, सफाई, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का प्रयास है कि सत्र शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं और जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सदन में सियासी गर्मी, होटल में एक साथ रहेंगे विधायक

इस बार शीतकालीन सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर आमने-सामने होंगे, लेकिन सत्र के दौरान उनके ठहरने की व्यवस्था एक ही होटल में की गई है। अब सभी की नजरें 16 नवंबर से शुरू होने वाली विधानसभा की कार्यवाही पर रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with