मंडी में बारिश का कहर: बरोट के गुराहला में भूस्खलन की चपेट में आई कार, दोनों पर्यटक सुरक्षित

लगातार बारिश के बीच द्रंग और पधर क्षेत्र में शुक्रवार को कई स्थानों पर भूस्खलन होने से जनजीवन प्रभावित रहा। बरोट-घटासनी मार्ग पर गुराहला के पास पहाड़ी दरकने से एक कार मलबे की चपेट में आ गई। चालक समेत दोनों पर्यटक समय रहते कार छोड़कर बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर तालगहर और कुन्नू पुल के पास भी भूस्खलन से यातायात प्रभावित रहा। कई अन्य संपर्क मार्ग भी कुछ समय के लिए बंद रहे।
शुक्रवार सुबह गुराहला के पास अचानक पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आ गिरा। इसी दौरान शिमला से आए पर्यटकों की कार मलबे में दब गई। दोनों युवक कार से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। घटना के बाद मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। लोक निर्माण विभाग ने मशीनें लगाकर मलबा हटाया और दोपहर तक यातायात बहाल कर दिया। प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि गुराहला क्षेत्र में पहाड़ी लगातार धंस रही है, इसलिए विशेषकर रात के समय इस मार्ग पर यात्रा से बचें।
उधर, मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर उरला के समीप तालगहर में सुबह करीब पांच बजे भूस्खलन से हाईवे बंद हो गया। एक कार दलदली मलबे में फंस गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को पहले सिंगल लेन और बाद में पूरी तरह यातायात के लिए खोल दिया गया।
कुन्नू पुल के पास भी पहाड़ी से मलबा गिरने से निजी गोपाल बस सर्विस की बस बाल-बाल बच गई। बस के गुजरते ही सड़क पर भारी मलबा आ गिरा। निर्माण कंपनी ने तत्काल मशीनें लगाकर मार्ग साफ कराया। इस दौरान वाहनों को कुन्नू बाजार बाइपास से डायवर्ट किया गया और दोपहर करीब एक बजे हाईवे पर सामान्य आवाजाही शुरू कर दी गई।
पधर-नौहली-जोगिंद्रनगर मार्ग पर भी कई स्थानों पर भूस्खलन से यातायात प्रभावित हुआ। लोक निर्माण विभाग ने मलबा हटाकर मार्ग बहाल कर दिया। वहीं मैगल बाइपास फोरलेन पर भी सुबह भूस्खलन से कुछ समय के लिए आवाजाही बंद रही, जिसे बाद में निर्माण कंपनी ने बहाल कर दिया।
नारला से बिजनी तक फोरलेन परियोजना क्षेत्र में कई स्थानों पर भूस्खलन से सड़क को नुकसान पहुंचा है। द्रंग स्कूल के समीप लगातार धंस रही जमीन से नीचे स्थित दो मकानों में दरारें और चौड़ी हो गई हैं। मकानों तक जाने वाली सीढ़ियां भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन पहले ही दोनों मकानों को खाली करवा चुका है।



