ताज़ा खबरेंसोलनहिमाचल

कसौली रोड पर वीकेंड में भारी जाम, बेतरतीब खड़े वाहनों से लोग परेशान

धर्मपुर(सोलन)।

कसौली में भले ही कारोबारियों से शहर गुलजार है, लेकिन कसौली रोड पर वीकेंड में पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण यातायात जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। होटलों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से पार्किंग की जगह कम पड़ जाती है। इसके चलते पर्यटक अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे आवाजाही बाधित होती है। स्थानीय लोगों को कसौली से धर्मपुर आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कसौली रोड पर कई होटल सड़क किनारे बने हैं।

इन होटलों की पार्किंग सड़क से सटी होने के कारण पर्यटक अपने वाहन सड़क पर ही पार्क कर देते हैं। इससे यातायात बाधित होता है और लंबा जाम लग जाता है। जाम से निजात दिलाने के लिए स्थानीय पुलिस को भी पर्यटकों के साथ मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार तो पर्यटक पुलिस के साथ बहस करने लगते हैं। रविवार को भी बाहरी राज्यों से आए पर्यटकों के वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण आवाजाही प्रभावित हुई। धर्मपुर पुलिस ने अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के चालान भी काटे।

वीकेंड में शनिवार और रविवार को स्थानीय लोगों को कसौली से धर्मपुर आवाजाही के लिए सोचना पड़ता है। निजी बस ऑपरेटर भी इन दिनों बसें नहीं चलाते हैं, जिससे स्थानीय लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। लोक निर्माण विभाग सड़क को चौड़ा कर रहा है, लेकिन यह स्थिति उन स्थानों पर अभी भी बनी हुई है जहां सड़क के साथ होटल बने हुए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि इस समस्या के स्थायी समाधान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with