सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण से स्थानीय पक्के दुकानदारों का कारोबार प्रभावित

सोलन
शहर में बढ़ रही तहबाजारियों की संख्या और अतिक्रमण शहर के कारोबारियों के लिए परेशानियों का कारण बनता जा रहा है। फुटपाथ पर बैठ कर सामान बेच रहे तहबाजारियों के कारण कारोबारियों का नुकसान हो रहा है। वहीं रविवार को तहबाजारियों का अतिक्रमण सबसे अधिक बढ़ जाता है। फुटपाथ पर तहबाजारियों का कब्जा रहता है और लोगों के लिए पैदल आना-जाना तक मुश्किल हो जाता है। वहीं नगर निगम सोलन भी इस ओर मौन होकर देख रहा है। शहर के कारोबारियों ने निगम पर आरोप लगाते हुए कहा है कि एमसी न तो तहबाजारियों पर अतिक्रमण करने के लिए कोई कार्रवाई करता है और न ही तहबाजारियों की किसी प्रकार की आईडी जांच हो रही है।
तहबाजारी शहर में कहीं भी अपनी रेहड़ी-फड़ी सजा कर अपने उत्पादों को बेचना शुरू कर देते हैं। ऐसे में लोगों के चलने के लिए जगह तक नहीं रहती है। मालरोड पर फुटपाथ पर तहबाजारियों का कब्जा होने के कारण लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, जिससे वाहनों की आवाजाही के बीच हादसे का खतरा भी बना रहता है। मां शूलिनी मेले के बाद से शहर में बढ़ रही तहबाजारियों की संख्या अवांछित घटनाओं को भी न्योता दे रहे हैं। वहीं इनपर कोई भी कार्रवाई न होने के कारण यह समस्या बढ़ती जा रही है। शहर में कारोबारी जहां किराया देकर अपनी दुकानों में सामान बेच रहे हैं, वहीं तहबाजारी कहीं भी रेहड़ी-फड़ी सजा रहे हैं। ऐसे में उनके कारोबार पर भी असर हो रहा है। शहर के व्यापार मंडल की ओर से कई बार तहबाजारियों की जांच करने और अतिक्रमण पर कार्रवाई करने के लिए निगम को कहा गया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।




