ताज़ा खबरेंहिमाचल

ड्रिलबुरी परिक्रमा में अचानक बढ़ी मुश्किलें, बर्फ के बीच दो महिला श्रद्धालुओं की मौत से मचा हड़कंप; कई घायल


केलांग: लाहौल-स्पीति के केलांग क्षेत्र में पवित्र पर्वत ड्रिलबुरी की परिक्रमा के दौरान गुरुवार को एक दुखद घटना सामने आई। धार्मिक यात्रा के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि बर्फ पर फिसलने, हाई एल्टीट्यूड सिकनेस और हाइपोथर्मिया के कारण कई अन्य श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं।


घटना के बाद घायल श्रद्धालुओं को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में परिक्रमा से लौटे कई श्रद्धालु चोटों और ऊंचाई से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के चलते पहुंचे हैं।


क्षेत्रीय अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुषमा ने बताया कि ड्रिलबुरी परिक्रमा के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हुई है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


डॉ. सुषमा के अनुसार, परिक्रमा से लौटे कई श्रद्धालुओं को बर्फ पर फिसलने से चोटें आई हैं। वहीं, कुछ श्रद्धालुओं में हाई एल्टीट्यूड सिकनेस के लक्षण भी पाए गए हैं। अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के कारण ऐसी समस्या हो सकती है, जबकि कड़ाके की ठंड में हाइपोथर्मिया का खतरा भी बढ़ जाता है।
बताया जा रहा है कि ड्रिलबुरी परिक्रमा में करीब ढाई हजार श्रद्धालु शामिल हुए थे। इस दौरान मौसम और बर्फबारी के चलते श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


दो महिला श्रद्धालुओं की मौत और कई लोगों के घायल होने की सूचना के बाद श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। फिलहाल मृतकों की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with