ताज़ा खबरेंराजनीतिहिमाचल

हिमाचल: डीएफओ ने नहीं सुनी विधायक की बात, अनुराधा राणा ने की विशेषाधिकार हनन की शिकायत



शिमला। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने स्थानीय डीएफओ के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत विधानसभा सचिवालय में की है। विधायक का आरोप है कि डीएफओ ने उनकी ओर से उठाए गए मामलों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की और संपर्क करने पर भी उन्हें उचित जवाब नहीं दिया गया।


अनुराधा राणा ने इसे विधायक के विशेषाधिकारों का हनन बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष से मामले में कार्रवाई की मांग की है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को शिकायत मिलने की पुष्टि की है।


वन सचिव से मांगा गया जवाब:
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय की ओर से वन सचिव से मामले में जवाब मांगा गया है। वन सचिव संबंधित डीएफओ से जवाब लेकर उसे विधानसभा सचिवालय को भेजेंगे। इसके बाद विधायक के आरोपों और डीएफओ के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


पुलिस इंस्पेक्टर के खिलाफ भी कर चुकी हैं शिकायत:
अनुराधा राणा इससे पहले एक पुलिस इंस्पेक्टर के खिलाफ भी विशेषाधिकार हनन की शिकायत कर चुकी हैं। विधानसभा अध्यक्ष के अनुसार वह मामला अब सेटल हो चुका है। डीएफओ के खिलाफ शिकायत विशेषाधिकार हनन से जुड़ा उनका दूसरा मामला है।


विधानसभा में पहले भी उठ चुके हैं ऐसे मामले:
सुक्खू सरकार के कार्यकाल में कई विधायक अधिकारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन से जुड़े मामले उठा चुके हैं। इनमें अधिकारियों के खिलाफ शिकायत, सदन की मर्यादा से जुड़े मामले और प्रोटोकॉल संबंधी विवाद शामिल हैं।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि कुछ मामले सेटल हो चुके हैं, जबकि कई मामलों में संबंधित पक्षों से जवाब मांगा गया है। वहीं 14वीं विधानसभा के वर्ष 2026-27 के लिए विशेषाधिकार एवं याचिका संबंधी व्यवस्था की अध्यक्षता भी विधानसभा अध्यक्ष कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with