हिमाचल के घुमारवीं में बनेगी ग्रीन मार्केट, e-NAM से अंतरराज्यीय व्यापार होगा आसान


शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने किसानों और कृषि कारोबार को बढ़ावा देने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। जिला बिलासपुर के घुमारवीं में ग्रीन मार्केट का निर्माण किया जाएगा। साथ ही e-NAM के माध्यम से अंतरराज्यीय व्यापार को सुगम बनाने का निर्णय लिया गया है।
नई व्यवस्था से दूसरे राज्यों के व्यापारिक लाइसेंस को मान्यता मिलने का रास्ता साफ होगा। इससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य और जल्द भुगतान मिलने की उम्मीद है।
बोर्ड की बैठक अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उन मंडियों को भी अधिकृत करने का फैसला लिया गया, जहां फिलहाल कारोबार सुचारु रूप से नहीं चल रहा है।
कर्मचारियों के नए पद होंगे सृजित
राज्य कृषि विपणन बोर्ड और प्रदेश की 10 कृषि उपज मंडी समितियों के संचालन के लिए नए पद भरे जाएंगे। इनमें एक सहायक सचिव, तीन कनिष्ठ कार्यालय सहायक (लेखा) और 13 कनिष्ठ कार्यालय सहायक (सूचना एवं प्रौद्योगिकी) के पद शामिल हैं।
इसके अलावा बोर्ड कार्यालय में दो अधीक्षक वर्ग-1 तथा कृषि उपज मंडी समितियों के कार्यालयों में छह अधीक्षक वर्ग-2 और छह वरिष्ठ सहायक के पद सृजित किए गए हैं।
मंडियों में सफाई और अपशिष्ट प्रबंधन पर जोर
बोर्ड ने मंडियों के विभिन्न यार्डों को साफ-सुथरा रखने पर भी जोर दिया है। अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर COSAMB से पूर्व व्यवहार्यता अध्ययन करवाया जाएगा। बैठक में प्रदेश की विभिन्न मंडियों में निर्माण कार्यों के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृतियां भी दी गईं।




