ताज़ा खबरेंहिमाचल

हिमाचल के अस्पतालों में होने वाला है बड़ा बदलाव! 300 डॉक्टर और 200 नर्सों की भर्ती, जानिए किन अस्पतालों को मिलेगी सीधी तैनाती




शिमला। हिमाचल प्रदेश के अस्पतालों में डॉक्टरों और नर्सों की कमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़े स्तर पर भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग में 300 डॉक्टरों और 200 नर्सों की भर्ती की जानी है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2027 तक स्वास्थ्य विभाग के सभी रिक्त पदों को भरने का है।


इस भर्ती की सबसे खास बात यह होगी कि नए नियुक्त होने वाले डॉक्टरों को डेपुटेशन पर भेजने के बजाय सीधे जरूरत वाले स्वास्थ्य संस्थानों में तैनाती देने पर जोर रहेगा। इनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और आदर्श अस्पताल शामिल हैं। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की उम्मीद है।


मानसून सत्र के बाद आगे बढ़ेगी भर्ती प्रक्रिया
स्वास्थ्य विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त होने के बाद डॉक्टरों और नर्सों की भर्ती का प्रस्ताव कमीशन को भेजा जाएगा। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।


विभाग की ओर से आदर्श अस्पतालों और सामुदायिक अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। जहां छह डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं, वहां छह विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती करने की योजना पर काम किया जा रहा है।


ग्रामीण अस्पतालों पर रहेगा खास फोकस
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि पर्याप्त संख्या में डॉक्टर उपलब्ध होने से मरीजों को प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा। इससे छोटी-छोटी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मरीजों को जिला अस्पतालों या मेडिकल कॉलेजों तक जाने की जरूरत कम होगी।


लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर डेपुटेशन पर भेजने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। कई मामलों में ग्रामीण अस्पतालों से डॉक्टरों को डेपुटेशन पर भेजे जाने के बाद स्थानीय मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।


अब सरकार नए डॉक्टरों की नियुक्ति सीधे जरूरत वाले स्वास्थ्य संस्थानों में करने पर जोर दे रही है, ताकि PHC और CHC में डॉक्टरों की उपलब्धता बनी रहे।


स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंह मार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में कमीशन के माध्यम से 300 डॉक्टरों की भर्ती की जा रही है। इसके अलावा नर्सों की भी भर्ती होनी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with