ताज़ा खबरेंमौसमहिमाचल

हिमाचल मौसम अपडेट: आज-कल भारी बारिश का अलर्ट, 4 जिलों में ज्यादा खतरा; आंधी-बिजली को लेकर भी चेतावनी

Oplus_131072




शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने 4 और 5 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि कई क्षेत्रों में आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।


मौसम विभाग के 4 सितंबर को जारी बुलेटिन के अनुसार 4 सितंबर को बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 5 सितंबर को कांगड़ा और सिरमौर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।


आंधी-बिजली के साथ चलेंगी तेज हवाए
मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 सितंबर को किन्नौर तथा लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।


इसके अलावा 4 से 6 सितंबर तक मैदानी, निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन इलाकों में पहले ही हुई बारिश


पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। नाहन में 7 सेंटीमीटर, जोगिंदरनगर में 6 सेंटीमीटर और नादौन में 5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
इसके अलावा भरवाईं और नट्टों बैरान में 4-4 सेंटीमीटर, नैना देवी और कटौला में 3-3 सेंटीमीटर तथा देहरा गोपीपुर में 2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।


6 सितंबर के बाद कमजोर पड़ सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 6 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद सप्ताह के बाकी दिनों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।
अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि बाद के दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह


भारी बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और कीचड़ खिसकने का खतरा बढ़ सकता है। निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों समेत अन्य जल निकायों का जलस्तर बढ़ने की आशंका भी है।


मौसम विभाग ने लोगों को भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचने, नदी-नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और बारिश के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with