मैदान में दिखाया दम, अब निभाएंगे बड़ी जिम्मेदारी… गिरिपार के चार युवाओं ने पास की नेशनल रेफरी परीक्षा, बढ़ाया क्षेत्र का मान


पांवटा साहिब/रोनहाट। सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के चार युवाओं ने कबड्डी के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) की नेशनल टेक्निकल ऑफिशियल (रेफरी) परीक्षा उत्तीर्ण कर इन युवाओं ने अब खेल के मैदान में एक नई जिम्मेदारी संभालने की राह बनाई है।
इस उपलब्धि हासिल करने वालों में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी स्टार और भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा की बहन संतोष राणा, जास्वी गांव के सगे भाई पवन जस्टा और विलम जस्टा तथा नैनीधार गांव के अनिकेत ठाकुर शामिल हैं।
कबड्डी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के बाद अब ये चारों युवा बतौर नेशनल टेक्निकल ऑफिशियल प्रतियोगिताओं में रेफरी की भूमिका निभाएंगे।
इनकी सफलता पर प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव कुलदीप राणा, जिला इकाई के पूर्व महासचिव जीएस नेगी और अंतरराष्ट्रीय कबड्डी स्टार पुष्पा राणा ने खुशी जताते हुए सभी सफल युवाओं को बधाई दी।
गिरिपार क्षेत्र के इन चार युवाओं की उपलब्धि से खेल प्रेमियों में भी खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को क्षेत्र के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।




