ताज़ा खबरेंशिक्षाहिमाचल

डगशाई स्कूल में रैगिंग से मचा हड़कंप! नौवीं के छात्र को हॉस्टल से खींचकर पीटने का आरोप, 5 सीनियर पर केस




सोलन: डीपीएस डगशाई में नौवीं कक्षा के एक छात्र के साथ कथित रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 5 सितंबर को सीनियर छात्रों ने नौवीं कक्षा के छात्र को उसके हॉस्टल के कमरे से कथित तौर पर जबरन बाहर खींचा और उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद छात्र और अन्य जूनियर विद्यार्थियों में डर का माहौल होने की बात कही गई है।


शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पिछले करीब चार महीने से कुछ वरिष्ठ छात्र जूनियर विद्यार्थियों को कथित तौर पर रैगिंग, धमकी, गाली-गलौज और शारीरिक हमला कर परेशान कर रहे थे। शिकायत में कुछ वरिष्ठ छात्रों पर हथियार रखने के भी आरोप लगाए गए हैं।


मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पांच वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस चौकी डगशाई के प्रभारी एसआई राजेश कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों के साथ शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच कर रही है।


अभिभावकों ने स्कूल परिसर में किया हंगामा
मामले की जानकारी सामने आने के बाद पीड़ित छात्र के परिजन और अन्य अभिभावक स्कूल परिसर पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में चल रही गतिविधियों की जानकारी प्रबंधन को होने के बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।


कुछ अभिभावकों ने स्कूल में हाल ही में हुए प्रशासनिक बदलावों पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि नए प्रिंसिपल के आने के बाद हॉस्टल और स्कूल का माहौल बिगड़ा है।


अभिभावकों ने आरोपी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with