ताज़ा खबरेंशिक्षाहिमाचल

हिमाचल के सरकारी CBSE स्कूलों में बदलेंगे नियम! 1 अक्तूबर से शिक्षकों का ड्रेस कोड, छात्रों की दिन में 3 बार लगेगी हाजिरी



शिमला: हिमाचल प्रदेश के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में आने वाले समय में कई अहम बदलाव देखने को मिलेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग को इन स्कूलों में शिक्षकों के ड्रेस कोड, विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म और स्कूल भवनों की विशिष्ट रंग योजना को जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं।


मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सरकारी सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों का ड्रेस कोड 1 अक्तूबर से लागू किया जाएगा। बैठक में इन स्कूलों के लिए लोगो तय करने की प्रक्रिया और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।


दिन में तीन बार दर्ज होगी विद्यार्थियों की हाजिरी
सरकारी सीबीएसई स्कूलों में अनुशासन और समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों की दिन में तीन बार उपस्थिति दर्ज की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।


सरकार का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकारी सीबीएसई स्कूलों को मजबूत किया जा रहा है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को अपेक्षाकृत किफायती दरों पर सीबीएसई शिक्षा उपलब्ध करवाने का प्रयास है।


शिक्षकों के खाली पद भी प्राथमिकता से भरेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है। भविष्य में किसी भी कारण से शिक्षकों के पद खाली होते हैं तो उन्हें प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा, ताकि स्टाफ की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।


सरकार का फोकस ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाने पर है। इसी दिशा में स्कूलों की व्यवस्था, अनुशासन और शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए नए नियम लागू किए जा रहे हैं।


बैठक में महाधिवक्ता अनूप रत्न, शिक्षा सचिव राकेश कंवर, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली समेत शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with