ताज़ा खबरेंमौसमहिमाचल

हिमाचल में मानसून पड़ा कमजोर, अब कैसा रहेगा मौसम? 10 सितंबर तक बारिश के आसार, तापमान बढ़ने से उमस ने बढ़ाई परेशानी


शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून अब कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 7 से 10 सितंबर तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन सोमवार से भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।


उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में इस दौरान मौसम बीच-बीच में शुष्क रहने की संभावना है। वहीं मध्य और निचले पर्वतीय क्षेत्रों में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। 11 और 12 सितंबर को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन इन दिनों भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।


पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। रविवार को शिमला समेत अधिकांश जिलों में धूप खिली रही, जबकि कुछ स्थानों पर बादल छाए रहे। बारिश के बावजूद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ।


धूप निकलते ही बढ़ी उमस
ऊना में रविवार को कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई, लेकिन दोपहर में तेज धूप निकलने के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। कांगड़ा में भी मौसम साफ रहा और धूप के चलते तापमान बढ़ गया। धर्मशाला में सुबह कुछ देर हल्की बारिश और धुंध रही, जबकि शाम को बादल छाए रहे।


नयना देवी में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में नयना देवी में सबसे अधिक 40.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जोगिंद्रनगर में 39.0, सराहन में 30.1, धौलाकुआं में 26.5, जटौन बैराज में 24.0, चौपाल और कसौली में 23.0, रोहड़ू में 20.0 और धर्मशाला में 17.1 मिलीमीटर बारिश हुई।


ऊना सबसे गर्म, केलांग सबसे ठंडा
रविवार को ऊना प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुंदरनगर में 32.5, मंडी में 32.6, भुंतर में 32.4 और पांवटा साहिब में 32.3 डिग्री तापमान रहा।


न्यूनतम तापमान की बात करें तो केलांग में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल्पा में 10.4, कुफरी में 13.1 और शिमला में 15.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
फिलहाल प्रदेश में भारी बारिश से राहत के आसार हैं, लेकिन कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ तापमान बढ़ने से उमस परेशान कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with