Scamताज़ा खबरेंहिमाचल

एक महीने तक ‘डिजिटल अरेस्ट’! बेटे-पति को नुकसान की धमकी, महिला से ठग लिए 15.50 लाख

Oplus_131072

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। धर्मपुर क्षेत्र की एक महिला को साइबर ठगों ने करीब एक महीने तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराए रखा और इस दौरान उसकी जिंदगीभर की जमा पूंजी 15.50 लाख रुपये ठग ली।

ठगों ने खुद को दिल्ली पुलिस, सीबीआई और आरबीआई के अधिकारी बताकर महिला को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने का डर दिखाया। इतना ही नहीं, महिला के बेटे और पति को अगवा करने और उन्हें नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता के अनुसार, उसे पहली बार 15 अगस्त को फोन आया था। फोन करने वाली महिला ने खुद को दिल्ली पुलिस से बताया और कहा कि उसके खिलाफ मामला दर्ज है। इसके बाद उसकी कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी से बात करवाई गई। वीडियो कॉल पर वर्दी पहने एक व्यक्ति दिखाई दिया, जिसके बाद महिला को यकीन दिलाने की कोशिश की गई कि वह एक गंभीर मामले में फंस चुकी है।

इसके बाद ठगों ने महिला को किसी परिजन या बैंक अधिकारी से इस बारे में बात करने से मना कर दिया। करीब एक महीने तक उसे लगातार मानसिक दबाव में रखा गया। उसे बताया गया कि उसके बैंक खातों और दस्तावेजों की आरबीआई के माध्यम से जांच हो रही है और दस्तावेज अदालत में जमा होने के बाद उसकी रकम वापस कर दी जाएगी।

इसी झांसे में आकर महिला ने ठगों के बताए खातों में दो बार पैसे ट्रांसफर किए। कुल 15.50 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर होने के बाद भी जब स्थिति सामान्य नहीं हुई तो महिला को ठगी का शक हुआ। इसके बाद उसने अपने परिजनों को पूरी बात बताई।

परिजनों ने महिला को संभाला और मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस थाना मंडी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब धर्मपुर पुलिस थाना प्रभारी और जांच अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट

मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने लोगों से साइबर ठगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ठग अक्सर पुलिस, बैंक, आरबीआई या किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का डर दिखाते हैं।

पुलिस ने साफ किया है कि अगर कोई अनजान व्यक्ति फोन या वीडियो कॉल पर सरकारी अधिकारी बनकर डराए और पैसे ट्रांसफर करने को कहे तो तुरंत सतर्क हो जाएं। किसी के दबाव में बैंकिंग जानकारी या पैसे साझा न करें।

अगर साइबर ठगी हो जाए तो तुरंत साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की सलाह दी गई है। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with