ताज़ा खबरेंराजनीतिहिमाचल

दिल्ली दौरे से बढ़ा कैबिनेट विस्तार का सस्पेंस, CM सुक्खू के साथ सुंदर ठाकुर की मौजूदगी ने बढ़ाई चर्चाएं


पूरी खबर:

हिमाचल प्रदेश की सियासत में एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सोमवार को कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को साथ लेकर दिल्ली रवाना हुए। खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से दिल्ली पहुंचे।

मुख्यमंत्री सुक्खू का दिल्ली दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब प्रदेश में लंबे समय से प्रस्तावित कैबिनेट विस्तार को लेकर लगातार अटकलें चल रही हैं। मुख्यमंत्री पहले ही संकेत दे चुके हैं कि मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा और मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल हो सकता है। उन्होंने कहा था कि सरकार के चार साल पूरे होने से पहले यानी 11 दिसंबर से पहले मंत्रिमंडल विस्तार करने का प्रयास है।

सबसे ज्यादा चर्चा कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के नाम को लेकर है। इससे पहले मुख्यमंत्री की ओर से सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाए जाने की बात सामने आ चुकी है। हालांकि क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को लेकर मंत्रिमंडल विस्तार में पेच की चर्चाएं भी सामने आई हैं।

अब मुख्यमंत्री के साथ सुंदर सिंह ठाकुर के दिल्ली जाने से एक बार फिर कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में भी शामिल होंगे। इसके अलावा कांग्रेस नेतृत्व के साथ मुलाकात की संभावना भी जताई जा रही है, जहां प्रदेश सरकार और संगठन से जुड़े मुद्दों के साथ मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा हो सकती है।

फिलहाल किसी नए मंत्री के नाम को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में दिल्ली दौरे के बाद हाईकमान के स्तर पर होने वाली चर्चा और मुख्यमंत्री के अगले कदम पर सभी की निगाहें टिकी हैं। अब देखना होगा कि लंबे समय से चर्चा में चल रहे कैबिनेट विस्तार को लेकर आखिर कब और क्या फैसला सामने आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with