ताज़ा खबरेंमौसमहिमाचल

हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड; 10 डिग्री तक गिरा पारा, आज शिमला में धूप

Oplus_131072


पूरी खबर:

हिमाचल प्रदेश में सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और कई क्षेत्रों में बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि शिमला समेत कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

किन्नौर के छितकुल, कुन्नोचारंग, लिप्पा और आसरंग समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। वहीं लाहौल-स्पीति में रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला जैसे ऊंचे दर्रे भी बर्फ से ढक गए हैं। चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है।

इस मौसम बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कल्पा में रविवार रात न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सितंबर महीने में पिछले 18 वर्षों में सबसे कम बताया गया है। इससे पहले 24 सितंबर 2008 को यहां 3.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था।

वहीं मंगलवार यानी 29 सितंबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके बाद 30 सितंबर से मौसम में सुधार के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 30 सितंबर से 4 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है।

राजधानी शिमला में सोमवार को बारिश के बाद मंगलवार को धूप खिली है। हालांकि मौसम में आई ठंडक का असर महसूस किया जा रहा है। ताजा पूर्वानुमान में भी आज शिमला में कुछ बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि आने वाले दिनों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने के आसार हैं।

बारिश और बर्फबारी का असर यातायात और सेब सीजन पर भी पड़ा है। सोमवार शाम तक प्रदेश में 61 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद थीं और 49 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित थे। किन्नौर में एनएच-5 के कुछ हिस्सों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने से यातायात प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार बारिश-बर्फबारी का यह दौर खत्म होने के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। सितंबर के अंत में पहाड़ों पर बदले मौसम ने ठंड के आगमन का एहसास जरूर करा दिया है, लेकिन आने वाले दिनों में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with