खेलताज़ा खबरेंहिमाचल

हिमाचल क्रिकेट टीम में 4 नए चेहरों की एंट्री, पुखराज मान को मिली कप्तानी; जानिए कौन-कौन खेलेगा पहला मैच

धर्मशाला। सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी 2026 के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) ने अपनी 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। इस बार टीम में चार नए खिलाड़ियों को पहली बार टी-20 टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलने जा रहा है। टीम की कमान पेशेवर खिलाड़ी पुखराज मान को सौंपी गई है। नए चेहरों को मौका देकर हिमाचल क्रिकेट ने युवा प्रतिभाओं पर भरोसा जताया है।

इन चार खिलाड़ियों को मिलेगा डेब्यू का मौका

टीम में वैभव शर्मा, वैभव काल्टा, हर्षित संदल और जितेंद्र राणा को पहली बार सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में खेलने का अवसर मिलेगा। इन खिलाड़ियों के लिए यह अपने प्रदर्शन से पहचान बनाने का बड़ा मौका होगा।

पुखराज मान संभालेंगे टीम की कमान

हिमाचल की टीम में तीन पेशेवर खिलाड़ी अर्यमान धालीवाल, नेहल वढेरा और पुखराज मान शामिल हैं। पुखराज मान कप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। टीम का मुख्य कोच विनीत सक्सेना को बनाया गया है, जबकि गगनदीप सिंह गेंदबाजी कोच और शकुन सैनी क्षेत्ररक्षण कोच की भूमिका निभाएंगे।

हिमाचल का पहला मुकाबला 14 नवंबर को

हिमाचल प्रदेश की टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को असम के खिलाफ मोहाली में करेगी। इसके बाद 16 नवंबर को आंध्र प्रदेश और 18 नवंबर को महाराष्ट्र के साथ मुकाबला होगा।

पहले तीन मुकाबलों के बाद हिमाचल की टीम 20 नवंबर को पुडुचेरी, 22 नवंबर को त्रिपुरा, 24 नवंबर को मध्य प्रदेश और 26 नवंबर को केरल के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

जिलों के खिलाड़ियों को भी मिला मौका

घोषित टीम में हमीरपुर से एकांत सेन, मृदुल सरोच और रोहित कुमार, कांगड़ा से अर्पित गुलेरिया और इनेश महाजन, लाहौल-स्पीति से हर्षित संदल और मंडी से आयुष जम्वाल को शामिल किया गया है।

वहीं शिमला से जितेंद्र राणा, राहुल चौहान और वैभव काल्टा, सिरमौर से वैभव शर्मा और ऊना से ऋतिक कालिया टीम का हिस्सा होंगे।

छह खिलाड़ियों को स्टैंडबाय में रखा

एचपीसीए ने छह खिलाड़ियों को स्टैंडबाय में भी रखा है। इनमें कांगड़ा के अभिषेक उर्फ अविकास, ऊना के अमनप्रीत सिंह और राघव बाली, हमीरपुर के अभिमन्यु राणा, लाहौल-स्पीति के रवि ठाकुर और शिमला के मुकुल नेगी शामिल हैं।

एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि टीम में नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है और फिलहाल पहले तीन मुकाबलों के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित की गई है। अब हिमाचल के क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद रहेगी कि युवा खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से टीम को टूर्नामेंट में अच्छी शुरुआत दिलाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with