Himachal: किन्नौर में 7.79 ग्राम चिट्टे के साथ निजी होटल कारोबारी गिरफ्तार, पूर्व भाजयुमो ब्लॉक अध्यक्ष का नाम सामने आया


हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के स्पीलो में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक निजी होटल कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 7.79 ग्राम चिट्टा और करीब एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सोमवार देर रात स्पीलो स्थित एक निजी होटल में नशे से संबंधित गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी और स्पीलो निवासी बुद्धसेन उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पूह थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास चिट्टा कहां से आया और इसके पीछे किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।
मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने रिकांगपिओ में प्रेसवार्ता के दौरान दावा किया कि आरोपी पहले भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता रहा है और भाजयुमो का ब्लॉक अध्यक्ष भी रह चुका है। मंत्री ने यह भी दावा किया कि 11 अगस्त को स्पीलो में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान आरोपी स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ मौजूद था।
वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह नेगी ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति के पास वर्तमान में भाजपा का कोई दायित्व नहीं है और मंत्री की ओर से लगाए गए आरोप निराधार हैं।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर चिट्टे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




