ताज़ा खबरेंदुर्घटनाहिमाचल

हिमाचल में रहस्यमयी गोलीकांड! बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति की मौत, 8 घंटे बाद हेलमेट में मिली गोली से खुला राज

शिलाई (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल में एक बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां चलती बाइक पर पीछे बैठे 55 वर्षीय व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका चचेरा भाई बाल-बाल बच गया। घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गोली चलने की आवाज तक सुनाई नहीं दी और करीब आठ घंटे तक किसी को गोली लगने का पता नहीं चला। शाम को बाइक चालक के हेलमेट में गोली का निशान और अंदर फंसी गोली मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

मृतक की पहचान खजान सिंह (55) निवासी जामु कोटी (रेणुकाजी) के रूप में हुई है। वहीं, बाइक चला रहे उनके चचेरे भाई रविंद्र (31) सुरक्षित बच गए। यह घटना शिलाई उपमंडल की पंचायत कोटी उतरोऊ के आवत गांव के समीप हुई।

मेहमाननवाजी से लौट रहे थे दोनों चचेरे भाई

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7 बजे खजान सिंह अपने चचेरे भाई रविंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर एक गांव में मेहमाननवाजी के बाद घर लौट रहे थे। बाइक रविंद्र चला रहा था, जबकि खजान सिंह पीछे बैठे हुए थे।

इसी दौरान रास्ते में अचानक रविंद्र को महसूस हुआ कि पीछे बैठे खजान सिंह अचेत हो गए हैं। कुछ ही देर बाद वह बाइक से नीचे गिर पड़े। उस समय रविंद्र को न तो गोली चलने की आवाज सुनाई दी और न ही इस बात का कोई अंदेशा हुआ कि उनके भाई को गोली लगी है।

शुरुआत में परिजनों और साथ आए लोगों को लगा कि शायद रास्ते में पत्थर लगने से खजान सिंह के सिर में चोट आई है। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया।

पीजीआई ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

पांवटा साहिब अस्पताल में चिकित्सकों ने खजान सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। हालांकि, उन्होंने पीजीआई पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन लाया गया।

शाम 4 बजे हेलमेट में मिली गोली, खुला रहस्य

इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा शाम करीब 4 बजे हुआ। दरअसल, बाइक चला रहे रविंद्र की नजर जब अपने हेलमेट पर पड़ी तो उसमें गोली का निशान दिखाई दिया। जब हेलमेट की जांच की गई तो उसके अंदर एक गोली फंसी हुई मिली।

इसके बाद सुबह हुई घटना को लेकर संदेह गहरा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका है कि गोली पीछे बैठे खजान सिंह के सिर को चीरते हुए निकली और आगे बाइक चला रहे रविंद्र के हेलमेट में जा धंसी। इस तरह करीब आठ घंटे बाद पता चला कि खजान सिंह को लगी चोट के पीछे गोली थी।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

हेलमेट में गोली मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी और बाइक चालक रविंद्र के बयान दर्ज किए।

पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और गोली लगने से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने भी बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर चलती बाइक पर पीछे बैठे खजान सिंह को गोली कहां से लगी और गोली किसने चलाई? क्या यह किसी की लापरवाही से चली गोली थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with