निजी बस दुर्घटनाग्रस्त होने से चंबा में गई सात की जान, जानें हिमाचल में कब-कब हुए बड़े सड़क हादसे

हिमाचल प्रदेश में हर साल सड़क हादसे अनमोल जिंदगियां छीन रहे हैं। शनिवार सुबह चंबा जिले में तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में सात लोगों की जान चली गई, जबकि 11 अन्य यात्री घायल हुए हैं। हादसे में बस के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि बस का स्टीयरिंग फ्री होने के कारण हादसा हुआ। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच जारी है। बता दें, बरसात के मौसम में प्रदेश की पहाड़ी सड़कें यात्रियों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन जाती हैं। भूस्खलन, पहाड़ियों से गिरते पत्थर, सड़क धंसना और गहरी खाइयां हर साल दर्जनों लोगों की जान ले रही हैं।
छह घायल चंबा मेडिकल काॅलेज रेफर
घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से छह घायलों को आगे के इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा रेफर किया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बस दुर्घटना की सूचना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया । एएसपी चंबा दिनेश शर्मा ने कहा कि बैरागढ़ से चंबा आ रही प्राइवेट बस पांच किलोमीटर का सफर तय करने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के दाैरान बस में 18 लोग सवार थे। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हिमाचल के अब तक के सबसे बड़े जानलेवा हादसे
- 24 जुलाई 2026 को कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी पहाड़ी दरकने से मलबे की चपेट में आ गई, जिसमें 13 लोगों की जान चली गई।
- 18 जून 2026 को चंबा के मसरूंड में करीब 500 मीटर गहरी खाई में बोलेरो गाड़ी गिरने से सात लोगों की जान चली गई।
- 11 मई 2026 को ककीरा (चंबा-नूरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग) में पर्यटकों से भरी इनोवा दुर्घटनाग्रस्त होने से छह लोगों की मौत हुई।
- 4 मई 2026 को सिरमौर में कार खाई में गिरने से चार लोगों की जान गई।
- 9 जनवरी 2026 को सिरमौर के शिलाई-कुपवी मार्ग पर निजी बस 500 मीटर गहरी खाई में गिरने से 13 लोगों की मौत हुई थी।
- 20 जून 2024 को शिमला जिले के जुब्बल स्थित चोरी कैंची में एचआरटीसी बस पलटने से चार लोगों की मौत हुई थी।
- 20 जून 2017 को शिमला के नेरवा में एचआरटीसी बस हादसे में 44 यात्रियों की जान गई थी।
- 13 अगस्त 2013 को चंबा के चुवाड़ी में निजी बस दुर्घटना में 41 लोगों की मौत हुई थी।
- 3 अक्तूबर 2012 को मंडी के जोगिंद्रनगर में बस खाई में गिरने से 46 लोगों की मौत हुई।
- 5 नवंबर 2012 को किन्नौर के टापरी के पास बस के सतलुज नदी में समा जाने से 42 लोगों की जान चली गई।
- 2 जनवरी 2010 को बिलासपुर में निजी बस हादसे में 31 लोगों की जान गई थी।




