ताज़ा खबरेंशिक्षाशिमलाहिमाचल

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट भरेगा 388 पद, जानें ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि

हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने जिला न्यायपालिकाओं में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। कुल 388 रिक्तियों को भरने के लिए पात्र उम्मीदवारों से ऑनलाइन भर्ती आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की वेबसाइट https://highcourt.hp.gov.in/ के भर्ती पोर्टल के माध्यम से किए जा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 10 अगस्त से शुरू होगी और 10 सितंबर, 2026 को रात 11:59 बजे समाप्त होगी। इस संबंध में हाईकोर्ट की ओर से भर्ती के लिए नोटिस जारी किया गया है।

किस श्रेणी में कितने पद
इन पदों में कोर्ट मैनेजर, क्लर्क, स्टेनोग्राफर ग्रेड तीन, ड्राइवर, प्रोसेस सर्वर और चपरासी/ऑर्डरली/चौकीदार/सफाई कर्मचारी शामिल हैं। कोर्ट मैनेजर के पांच पद नियमित आधार पर भरे जाएंगे, जिनके लिए वेतन स्तर 16 के तहत 48,700 से 1,54,300 रुपये का वेतनमान निर्धारित है। क्लर्क के 141 पद हैं, जिनमें 84 नियमित और 57 अनुबंध आधार पर भरे जाएंगे। स्टेनोग्राफर ग्रेड तीन के 79 पद हैं, जिनमें 48 नियमित और 31 अनुबंध आधार पर भरे जाएंगे। ड्राइवर के नौ पद (चार नियमित, पांच दैनिक वेतनभोगी) और प्रोसेस सर्वर के 65 पद (61 नियमित, एक अनुबंध, तीन दैनिक वेतनभोगी) हैं। चपरासी/ऑर्डरली/चौकीदार/सफाई कर्मचारी के 89 पद हैं, जिनमें 69 नियमित और 20 दैनिक वेतनभोगी आधार पर भरे जाएंगे। 

आवेदन शुल्क और योग्यता 
आवेदन शुल्क अनारक्षित वर्ग के लिए 450 रुपये और आरक्षित श्रेणियों के लिए 300 रुपये है। उम्मीदवारों को केवल ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन करना होगा। कोर्ट मैनेजर पद के लिए उम्मीदवार के पास एमबीए के साथ स्नातक की डिग्री और तीन साल का अनुभव होना चाहिए। इस पद के लिए आयु सीमा 25 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। क्लर्क और स्टेनोग्राफर ग्रेड तीन के लिए स्नातक की डिग्री आवश्यक है। क्लर्क के लिए अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट और हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति अनिवार्य है। स्टेनोग्राफर ग्रेड-तीन के लिए अंग्रेजी में 80 शब्द प्रति मिनट आशुलिपि और 40 शब्द प्रति मिनट टाइपिंग, हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट टाइपिंग गति होनी चाहिए। ड्राइवर पद के लिए मैट्रिक पास और तीन साल का वैध हल्का मोटर वाहन ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य है। प्रोसेस सर्वर और प्यून जैसे ग्रुप डी पदों के लिए 12वीं परीक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with