18 अगस्त को देवरी स्कूल भवन का निरीक्षण करेंगी प्रियंका गांधी, उद्घाटन की भी संभावना


शिमला/मंडी: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 18 अगस्त को हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के देवरी का दौरा कर सकती हैं। इस दौरान वह नवनिर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के भवन का निरीक्षण करेंगी। उनके दौरे को स्कूल भवन के संभावित उद्घाटन से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
वर्ष 2023 में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान देवरी का पुराना स्कूल भवन क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने देवरी पहुंचकर आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात की थी और स्कूल भवन का जल्द निर्माण करवाने का भरोसा दिया था।
इसके बाद प्रदेश सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर करीब 4.70 करोड़ रुपये की लागत से नया स्कूल भवन तैयार करवाया। भवन अब पूरी तरह तैयार है, लेकिन लंबे समय से इसके उद्घाटन का इंतजार किया जा रहा है।जुलाई में भी टल चुका है उद्घाटन
जुलाई में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी भवन के उद्घाटन के लिए देवरी पहुंचे थे। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और उद्घाटन पट्टिका भी लगा दी गई थी, लेकिन ऐन मौके पर कार्यक्रम टल गया। बाद में केवल प्राथमिक पाठशाला भवन की पट्टिका दिखाई दी और दोनों भवनों का उद्घाटन नहीं हो सका।इससे पहले भी प्रियंका गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत भवन के उद्घाटन की तारीख दो बार तय हुई थी, लेकिन दोनों बार कार्यक्रम रद्द हो गया।
18 अगस्त के दौरे पर नजरमुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अनुसार प्रियंका गांधी 14 अगस्त को शिमला पहुंच सकती हैं। अब 18 अगस्त के उनके देवरी दौरे को स्कूल भवन से जोड़कर देखा जा रहा है।
फिलहाल उनका कार्यक्रम भवन का निरीक्षण करने का बताया जा रहा है, हालांकि उद्घाटन की संभावना भी जताई जा रही है। उनके साथ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के भी मौजूद रहने की संभावना है। हालांकि, दौरे के अंतिम कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है मामलादेवरी स्कूल भवन का मामला वर्ष 2023 की प्राकृतिक आपदा के बाद क्षतिग्रस्त हुए शिक्षण संस्थानों के पुनर्निर्माण से भी जुड़ा है। नया भवन तैयार होने के बावजूद विद्यार्थियों को दूसरे स्थान पर पढ़ाए जाने को लेकर मामला हाईकोर्ट पहुंचा था।
जुलाई में हाईकोर्ट ने सरकार और संबंधित विभागों से पूछा था कि नया भवन तैयार होने के बावजूद विद्यार्थियों को दूसरे स्थान पर क्यों पढ़ाया जा रहा है।
अब प्रियंका गांधी के प्रस्तावित दौरे से स्कूल भवन के उद्घाटन और विद्यार्थियों को नए भवन में पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद फिर से बढ़ गई है।



