ताज़ा खबरेंहिमाचल

HP Assembly Monsoon Session: विधानसभा मानसून सत्र में 900 तक जवानों का पहरा, QRT-खुफिया और ट्रैफिक विंग तैनात; ड्रोन से भी होगी निगरानी



शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। सत्र के दौरान विधानसभा परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों, धरना स्थलों, शहर के प्रवेश मार्गों और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने बहुस्तरीय सुरक्षा प्लान तैयार किया है।


सुरक्षा व्यवस्था में जिला पुलिस शिमला, रिजर्व पुलिस बल, होमगार्ड, क्विक रिस्पांस टीम (QRT), खुफिया शाखा और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी। विधानसभा परिसर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। परिसर और आसपास के इलाकों में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा।


900 तक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती
मानसून सत्र के दौरान करीब 700 से 900 पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों के अलावा होमगार्ड, क्यूआरटी तथा विशेष सुरक्षा इकाइयों के कर्मचारी भी शामिल होंगे।


विधानसभा परिसर और शहर की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा सीसीटीवी और अन्य निगरानी तंत्र के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
बिना पास के प्रवेश नहीं
विधानसभा परिसर के अंदर और बाहर प्रवेश व्यवस्था को सख्त रखा जाएगा। बिना वैध पास के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं मिलेगा। पुलिस सुरक्षा एजेंसियां सत्र शुरू होने से पहले होटल, होम स्टे और बाहरी क्षेत्रों में आने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखेंगी।


डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
डीआईजी अंजुम आरा ने विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा की है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी डीआईजी दक्षिण रेंज स्तर के अधिकारी के पास रहेगी। इसके अलावा एसएसपी शिमला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।


पुलिस का फोकस विधानसभा परिसर के साथ-साथ धरना स्थल, शहर के प्रवेश मार्गों और यातायात व्यवस्था पर भी रहेगा, ताकि मानसून सत्र के दौरान सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with