हिमाचल: मोबाइल गेम खेलने से रोकने पर 14 वर्षीय किशोर की मौ*त, चंबा में दसवीं के छात्र का श*व कमरे में मिला


चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सरोल क्षेत्र में 14 वर्षीय दसवीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। वहीं कांगड़ा के रक्कड़ क्षेत्र में भी मोबाइल फोन पर गेम खेलने से रोकने के बाद एक 14 वर्षीय किशोर की मौत हुई है। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
रक्कड़ में मोबाइल गेम खेलने से रोकने पर किशोर ने उठाया कदम:
कांगड़ा जिले के रक्कड़ क्षेत्र में परिजनों के अनुसार 14 वर्षीय किशोर काफी देर से मोबाइल फोन पर गेम खेल रहा था। उसकी मां ने उसे गेम खेलने से मना कर मोबाइल अपने पास रख लिया। इसके बाद किशोर नाराज होकर कमरे में चला गया। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे कमरे में अचेत अवस्था में पाया। परिजन उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया है।
चंबा के घोल्टी में दसवीं के छात्र की मौत:
वहीं चंबा जिले की सरोल पंचायत के घोल्टी गांव में बुधवार सुबह 14 वर्षीय छात्र लकी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार उसका शव घर के कमरे में मिला। लकी पिछले करीब पांच-छह वर्षों से घोल्टी गांव में एक सेवानिवृत्त अधिकारी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था और दसवीं कक्षा का छात्र था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस के अनुसार किशोर की मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




