ताज़ा खबरेंहिमाचल

हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र: तीसरे दिन भी हंगामे के आसार, रोजगार और वंदे मातरम् के मुद्दे पर टकराव संभव



शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन भी हंगामेदार रहने के आसार हैं। सोमवार को सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे शुरू होगी। इससे पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक दलों की बैठक होने की संभावना है, जिसमें सदन के भीतर की रणनीति तय की जाएगी।


पिछले दो दिनों से वंदे मातरम् और राष्ट्रगान को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चल रही तनातनी का असर आज भी सदन और विधानसभा परिसर में देखने को मिल सकता है। दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी कर सकते हैं।


रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी
दोपहर 2 से 3 बजे तक प्रश्नकाल प्रस्तावित है। इस दौरान विपक्ष प्रदेश में विभिन्न श्रेणियों में खाली पड़े पदों और रोजगार के मुद्दे को लेकर सरकार से सवाल करेगा। विपक्ष की ओर से विधायक जीतराम कटवाल रिक्त पदों से संबंधित सवाल उठाएंगे।
नौकरियों और सरकार की रोजगार गारंटियों को लेकर भी सदन में माहौल गरमाने के आसार हैं।


सदन में कई अहम कार्य होंगे
प्रश्नकाल के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू साप्ताहिक शासकीय कार्य सूची की जानकारी सदन को देंगे। इसके बाद राष्ट्रपति और राज्यपाल से मंजूरी प्राप्त आठ विधेयकों की प्रतियां सदन के पटल पर रखी जाएंगी। दो अध्यादेशों को भी सदन के सामने रखा जाएगा।


इसके अलावा ध्यानाकर्षण प्रस्तावों और नियम 130 के तहत चर्चा भी प्रस्तावित है।


पिछले दो दिनों में विधानसभा की कार्यवाही कुछ समय के लिए ही सुचारु रूप से चल सकी है। ऐसे में तीसरे दिन भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और विधानसभा परिसर में प्रदर्शन जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with