ताज़ा खबरेंहिमाचल

बिजली कटौती से पहले मोबाइल पर आएगा SMS, HPSEBL ने शुरू की नई डिजिटल सुविधा

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब बिजली कटौती होने से पहले उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन पर एसएमएस के जरिए इसकी जानकारी पहुंच जाएगी। हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड ने बिजली कटौती की पूर्व सूचना देने के लिए नई डिजिटल सुविधा शुरू कर दी है।

बोर्ड की यह सुविधा मीटर डेटा मैनेजमेंट (MDM) सिस्टम के माध्यम से संचालित होगी। इसके तहत उपभोक्ताओं को पहले ही बताया जाएगा कि बिजली आपूर्ति कब बंद होगी और कितने समय तक प्रभावित रहने की संभावना है। यह व्यवस्था फिलहाल फील्ड स्तर पर लाइव कर दी गई है।

शटडाउन से पहले मिलेगा अलर्ट

नियोजित बिजली शटडाउन की स्थिति में संबंधित एसडीओ और जेई एमडीएम सिस्टम के माध्यम से कटौती का समय निर्धारित करेंगे। इसके बाद संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं के मोबाइल पर पहले ही एसएमएस भेज दिया जाएगा।

मेंटेनेंस, ट्रांसफार्मर, फीडर या बिजली लाइन पर काम के कारण होने वाली कटौती की जानकारी अब उपभोक्ताओं को समय रहते मिल सकेगी। इससे लोग बिजली बंद रहने के दौरान अपने जरूरी काम पहले से तय कर सकेंगे।

कटौती रद्द हुई तो उसकी भी मिलेगी जानकारी

नई सुविधा की खास बात यह है कि अगर किसी कारण से प्रस्तावित बिजली शटडाउन रद्द या स्थगित किया जाता है, तो इसकी सूचना भी उपभोक्ताओं को एसएमएस के जरिए दी जाएगी। इससे लोगों को बेवजह बिजली कटौती का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

फॉल्ट होने पर अधिकारियों को मिलेगा अलर्ट

अचानक बिजली गुल होने की स्थिति में भी एमडीएम सिस्टम मददगार होगा। फीडर में फॉल्ट आने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल अलर्ट मिलेगा। वहीं, डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर (डीटीआर) स्तर पर फॉल्ट होने की स्थिति में पांच मिनट के कूलिंग पीरियड के बाद अधिकारियों को संदेश प्राप्त होगा।

इसके बाद अधिकारी संबंधित उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति बाधित होने और संभावित बहाली समय की जानकारी वाला एसएमएस भेज सकेंगे।

फीडर या डीटीआर के हिसाब से भेज सकेंगे संदेश

एमडीएम सिस्टम में फीडर और डीटीआर स्तर पर उपभोक्ताओं को चुनने की सुविधा भी उपलब्ध है। जरूरत के अनुसार पूरे फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं या केवल संबंधित डीटीआर से जुड़े उपभोक्ताओं को ही अलर्ट भेजा जा सकेगा।

बोर्ड प्रबंधन ने मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और फील्ड अधिकारियों को इस डिजिटल सुविधा का नियमित इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इससे बिजली कटौती और फॉल्ट की स्थिति में उपभोक्ताओं तक जानकारी पहुंचाने की प्रक्रिया पहले से अधिक डिजिटल और व्यवस्थित होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with