ताज़ा खबरेंराजनीतिहिमाचल

विधवाओं के बच्चों के लिए बड़ा ऐलान! अब 27 साल की उम्र तक मिलेगी ₹1,000 की मासिक मदद, CM सुक्खू ने दिए निर्देश

हिमाचल प्रदेश सरकार ने विधवा और एकल महिलाओं के बच्चों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 19 से 27 वर्ष की आयु के बच्चों को भी हर महीने ₹1,000 पॉकेट मनी देने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं के लिए एक एकीकृत पोर्टल विकसित करने को कहा है।

वर्तमान में इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत विधवा और एकल महिलाओं के 18 वर्ष तक के बच्चों को ₹1,000 प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। सरकार के अनुसार इस योजना से प्रदेश में 21,292 लाभार्थी जुड़े हैं और चालू वित्त वर्ष में इसके लिए ₹40.29 करोड़ का बजट रखा गया है।

उच्च शिक्षा का खर्च भी सरकार उठाएगी

सरकार के अनुसार योजना के तहत विधवा और एकल महिलाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च भी वहन किया जा रहा है। वहीं डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों को 1 प्रतिशत ब्याज पर ₹20 लाख तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध करवाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

इसके अलावा इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना और चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के 50-50 मेधावी विद्यार्थियों को विदेश में एक्सपोजर विजिट पर भेजने की तैयारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित इंदिरा गांधी मातृ शिशु संकल्प योजना की भी समीक्षा की और कांगड़ा के लुथान में मुख्यमंत्री सुख आश्रय ग्राम का निर्माण कार्य तेज कर इसे मई 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with