हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम! 24 सितंबर से कई इलाकों में बारिश के आसार, जानिए कब विदा होगा मानसून

हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम मुख्य रूप से साफ बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 23 सितंबर तक प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम साफ रहने की संभावना है।
इसके बाद 24 से 27 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। अगले 3-4 दिनों के दौरान प्रदेश के तापमान में भी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
किन इलाकों में चलेंगी तेज हवाएं?
मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 सितंबर को किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं कम और मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में भी कुछ जगह तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
कब विदा होगा मानसून?
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी का सिलसिला आगे बढ़ रहा है। अगले 2-3 दिनों में हिमाचल प्रदेश समेत जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और कुछ अन्य इलाकों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।
फिलहाल प्रदेश में मौसम साफ रहने के साथ सुबह-शाम हल्की ठंड का असर बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में बारिश और मानसून की विदाई के साथ मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।




