HPU में अचानक बढ़ा तनाव! कुलपति कार्यालय पहुंच गए दो छात्र, बैग की तलाशी में दराट और रॉड मिलने से मचा हड़कंप; 7 हिरासत में


एचपीयू शिमला में कुलपति कार्यालय के पास तनाव, दराट और रॉड मिलने के बाद सात छात्र हिरासत में
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में मंगलवार को छात्र संगठनों के बीच विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। शाम को कुलपति कार्यालय परिसर में पहुंचे दो छात्रों के बैग की तलाशी के दौरान दराट और रॉड मिलने के बाद पुलिस ने दोनों समेत सात छात्रों को हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे कानून विभाग में विश्वविद्यालय के एक छात्र और एसएफआई कार्यकर्ता के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद शाम को एक बार फिर एक छात्र और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया।
शाम करीब 7:30 बजे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात छात्रों को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि एसएफआई से जुड़े अखिल और आदित्य शाम को कुलपति कार्यालय परिसर पहुंचे थे। विश्वविद्यालय पुलिस ने दोनों को रोककर उनके बैग की तलाशी ली, जिसमें दराट और रॉड मिलने की बात सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने दोनों छात्रों सहित एसएफआई के सात कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई।
एसएफआई ने रखा अपना पक्ष
एसएफआई परिसर इकाई अध्यक्ष मुकेश ने कहा कि अखिल और आदित्य अपने काम से कुलपति कार्यालय परिसर गए थे। उनका किसी से लड़ाई करने का उद्देश्य नहीं था। उन्होंने कहा कि छात्रों के बैग से जो सामान मिलने की बात कही जा रही है, वह लड़ाई के लिए नहीं रखा गया था।
एबीवीपी ने लगाए आरोप
वहीं एबीवीपी परिसर अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने एसएफआई पर विश्वविद्यालय का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसएफआई की गतिविधियों के कारण आम छात्रों और अन्य छात्र संगठनों के साथ विवाद की स्थिति बन रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोपहर में हुए विवाद के बाद शाम को दोबारा तनाव बढ़ने से विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। दोनों छात्र संगठनों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं।



