ताज़ा खबरेंमौसमहिमाचल

हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, चार दिन बरसेंगे बादल… कई जिलों में अलर्ट, किन्नौर में बर्फबारी के आसार

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 26 से 29 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रह सकता है।

27 सितंबर को मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिलासपुर, मंडी, शिमला और सोलन में भारी बारिश का येलो अलर्ट है।

किन्नौर समेत ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम बिगड़ने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ तापमान गिरने और कुछ स्थानों पर बर्फबारी के आसार बन सकते हैं।

28 सितंबर को भी शिमला, सोलन और सिरमौर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा ऊना, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

बारिश के साथ कई क्षेत्रों में तेज हवाएं, आंधी और बिजली चमकने की भी संभावना है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने और जलभराव जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित स्थानों से दूरी बनाए रखने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

फिलहाल शिमला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और आने वाले दिनों में मौसम का यह बदलाव जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with