ताज़ा खबरेंहिमाचल

कांगड़ा में चिट्टा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, ₹1.01 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नूरपुर जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी संपत्तियों पर शिकंजा कसते हुए एक करोड़ रुपये से अधिक की तीन संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की है। इनमें एक कोठी, दूसरी आवासीय संपत्ति के साथ घरेलू सामान और एक कार शामिल है।

तीन संपत्तियों की कीमत 1.01 करोड़ रुपये से अधिक

पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 1,01,55,718 रुपये मूल्य की संपत्तियों पर कार्रवाई की गई है। ये संपत्तियां कांगड़ा जिले के इंदौरा क्षेत्र के छन्नी गांव निवासी दलवीरो और उसके परिजनों से संबंधित बताई गई हैं।

संपत्तियों के मूल्यांकन के अनुसार, दलवीरो और उसके परिवार की कोठी की कीमत 61,96,561 रुपये आंकी गई है। उसके बेटे मिथुन उर्फ छप्पर से संबंधित कोठी, फर्नीचर और घरेलू सामान का मूल्य 32,60,950 रुपये है। वहीं, उसकी बेटी घरो देवी के नाम पंजीकृत कार की कीमत 6,98,207 रुपये आंकी गई है।

2017 के मामले में हुई कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई वर्ष 2017 में इंदौरा पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 152 के संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) और 68ई के तहत की गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दलवीरो को 1 अप्रैल 2025 को अदालत ने दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। वहीं, उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के पांच मामले और उसके बेटे मिथुन उर्फ छप्पर के खिलाफ 14 मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

संपत्तियों की जांच के लिए खंगाले गए दस्तावेज

पुलिस ने संपत्तियों के संबंध में वित्तीय जांच के दौरान राजस्व रिकॉर्ड, आयकर से संबंधित विवरण, वाहन पंजीकरण दस्तावेज और लोक निर्माण विभाग के मूल्यांकन रिकॉर्ड की पड़ताल की।

इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार से अर्जित कथित कमाई से बनाई गई संपत्तियों की पहचान करना और उनके आर्थिक नेटवर्क पर शिकंजा कसना है।

अब नशे की कमाई पर भी पुलिस की नजर

नूरपुर पुलिस अब नशा तस्करी के मामलों में केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि कथित अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों, बैंक लेन-देन और धन के स्रोतों की भी जांच कर रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार के आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई करने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with