कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर बिना रुके कटेगा टोल, तीन प्लाजा पर MLFF तकनीक लागू करने की तैयारी


मंडी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सफर करने वाले वाहन चालकों और पर्यटकों को जल्द टोल प्लाजा पर रुकने और लंबी कतारों से राहत मिल सकती है। हिमाचल में पहली बार मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) तकनीक लागू करने की तैयारी है।
एनएचएआई ने फोरलेन के गड़ा मोड़ा, टकोली और डोहलूनाला टोल प्लाजा पर यह तकनीक लागू करने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा है। व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से टोल प्लाजा पार कर सकेंगे और फास्टैग से टोल राशि अपने आप कट जाएगी।
कैसे काम करेगा सिस्टम?
MLFF सिस्टम में टोल बैरियर नहीं लगाए जाएंगे। टोल प्लाजा पर करीब 5.5 से 6 मीटर ऊंची गैंट्री लगाई जाएगी, जिसमें फास्टैग रीडर, AI आधारित ANPR कैमरे और वाहन पहचानने वाले सेंसर होंगे। वाहन के गुजरते ही उसकी पहचान होगी और लिंक फास्टैग खाते से टोल राशि अपने आप कट जाएगी।
इसके लिए वाहन में सक्रिय फास्टैग, पर्याप्त बैलेंस और वैध HSRP नंबर प्लेट होना जरूरी होगा।
फास्टैग में बैलेंस नहीं तो क्या होगा?
अगर फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस नहीं है या वह निष्क्रिय अथवा अमान्य है तो वाहन मालिक को ई-नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस मिलने के 72 घंटे के भीतर भुगतान करने पर सामान्य टोल राशि देनी होगी। इसके बाद भुगतान करने पर दोगुनी राशि चुकानी पड़ सकती है।
नई व्यवस्था से टोल प्लाजा पर जाम और इंतजार कम होने के साथ ईंधन की खपत और प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।




