ताज़ा खबरेंदुर्घटनाहिमाचल

खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म का आरोप, आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने की भी शिकायत

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से महिला अपराध से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। सुंदरनगर पुलिस थाना में एक महिला ने बिलासपुर सदर क्षेत्र के रहने वाले अपने एक परिचित पर होटल में खाने और शराब में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने तथा आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर सुंदरनगर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला आगे की जांच के लिए बिलासपुर सदर थाना भेज दिया है।

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ सुंदरनगर में रहती है। शिकायत के अनुसार 29 मई को बिलासपुर सदर क्षेत्र के रहने वाले एक परिचित व्यक्ति ने उसे और उसके पति को भवाणा-कांगू रोड स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया था। महिला का आरोप है कि आरोपी ने खाने और शराब में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। इसे खाने-पीने के बाद वह और उसका पति बेहोश हो गए।

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी दी। सुंदरनगर पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। मामला क्षेत्राधिकार के अनुसार आगे की जांच के लिए बिलासपुर सदर थाना भेज दिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with