ताज़ा खबरेंहिमाचल

हिमाचल में मुख्यमंत्री सहारा योजना हुई ऑनलाइन, अब घर बैठे एक क्लिक पर मिलेगी सहायता; 1562 आवेदन ऑनलाइन प्राप्त

शिमला, 11 अगस्त। गंभीर और दीर्घकालिक बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों के लिए हिमाचल सरकार ने मुख्यमंत्री सहारा योजना की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब पात्र लाभार्थी घर बैठे आवेदन से लेकर सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इसके लिए सरकार ने नया डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जिससे लाभार्थियों को एक ही मंच पर योजना से जुड़ी सुविधाएं मिलेंगी और उनका समय व खर्च भी बचेगा

।नई ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने के बाद अब तक 1562 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने पात्र लोगों से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। आवेदक ई-कल्याण पोर्टल के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग नजदीकी लोकमित्र केंद्र की सहायता भी ले सकते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों की पहचान, सत्यापन और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग की जिम्मेदारी दी गई है।

मुख्यमंत्री सहारा योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उन लोगों के लिए है, जो गंभीर और लंबे समय तक चलने वाली बीमारियों से पीड़ित हैं तथा इलाज के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना करते हैं। योजना के तहत पार्किंसन रोग, कैंसर, स्थायी दिव्यांगता के साथ लकवा, शय्याग्रस्त मरीज, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया और तीव्र व दीर्घकालिक किडनी फेलियर सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित पात्र मरीजों को वित्तीय सहायता दी जाती है।

सरकार के अनुसार अप्रैल से जून 2026 की अवधि के लिए 3813 पात्र और आधार सत्यापित लाभार्थियों के खातों में सहायता राशि जारी की जा चुकी है। हालांकि 91 लाभार्थियों को अभी भुगतान नहीं हो सका है, क्योंकि उन्होंने ई-केवाईसी सत्यापन पूरा नहीं कराया है। विभाग ने इन लाभार्थियों से जल्द ई-केवाईसी पूरी कराने का आग्रह किया है, ताकि उन्हें भी सहायता राशि जारी की जा सके।

ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से अब गंभीर बीमारी से जूझ रहे पात्र मरीजों और उनके परिवारों को योजना का लाभ लेने के लिए अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सरकार का उद्देश्य प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और अधिक सुलभ बनाकर जरूरतमंद लाभार्थियों तक समय पर सहायता पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with